दोस्त के साथ घर से निकला था सूरज टुडू
बौंसी. बौंसी थाना क्षेत्र के खिजूर मुड़िया गांव निवासी स्वर्गीय रसिक लाल टुडू के 34 वर्षीय पुत्र सूरज लाल टुडू का क्षत-विक्षत शव शनिवार को हंसडीहा-गोड्डा रेल खंड के चोरबटिया के समीप रेल लाइन के पास से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी और परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. जानकारी के अनुसार, मृतक सूरज लाल टुडू झारखंड के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरबा गांव में अपनी बहन मुनि टुडू के घर में रह रहा था. परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात वह खाना खाने से पहले अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था. देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी, लेकिन सुबह होते ही उन्हें उसके मौत की सूचना मिली.घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक के परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि जिस तरह से शव बरामद हुआ है, उससे यह मामला ट्रेन से कटकर हुई दुर्घटना नहीं लगता. परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार सूरज लाल टुडू का जीवन भी काफी संघर्षपूर्ण रहा है. कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण उसकी मां और बड़े भाई की मौत हो चुकी थी. शादी के बाद उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गयी थी. इसके बाद वह अक्सर अपनी बहन के घर पर ही रहता था और गांव स्थित उसके घर में ज्यादातर ताला बंद रहता था. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. परिजनों ने बताया कि रविवार को गांव में ही उसका अंतिम संस्कार किया जायेगा. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है और युवक के दोस्त सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
