बौंसी (बांका). नगर पंचायत के बरमनियां गांव में शुक्रवार को तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने एक किसान की रोजी-रोटी पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया. वज्रपात की चपेट में आने से किसान अनुपलाल मंडल की दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गयी.
पीड़ित किसान ने बताया कि अचानक मौसम बिगड़ने के दौरान गाय बिजली की चपेट में आ गयी. उन्होंने कहा कि यही गाय परिवार की आय का प्रमुख स्रोत थी और उसके दूध की बिक्री से घर का खर्च चलता था. इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
किसान ने प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से प्राकृतिक आपदा के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें. घटना के बाद ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है.
