आधी रात के तूफान ने बौसी की बिजली व्यवस्था को किया ठप, घंटों अंधेरे में डूबा इलाका

Banka News : बांका जिले के बौसी प्रखंड में बुधवार तड़के आए तेज तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. रात करीब तीन बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह बेपटरी कर दिया. कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए और पूरा इलाका लंबे समय तक अंधेरे में डूबा रहा.

बौसी( बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

बौसी प्रखंड में बुधवार की अहले सुबह तेज आंधी और बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. रातभर चली तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ और डालियां टूटकर सड़क पर गिर गयीं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई. बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को अंधेरे और उमस का सामना करना पड़ा.

अस्पताल परिसर में गिरा विशाल पेड़

सबसे ज्यादा असर बौसी रेफरल अस्पताल परिसर के आसपास देखने को मिला. अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़ा. हालांकि राहत की बात यह रही कि पेड़ पास में लगे ट्रांसफार्मर और सुधा डेयरी बूथ पर नहीं गिरा, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.तेज हवा के कारण अस्पताल परिसर में लगा विद्युत सूचना बोर्ड भी टूटकर जमीन पर गिर गया. सुबह होते ही स्थानीय लोग और प्रशासन पेड़ों की डालियां हटाने में जुट गए.

33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन से बिजली ठप

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश की वजह से रात में ही 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन हो गया. इसके कारण पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. कई जगह बिजली तार और पोल को भी नुकसान पहुंचा है.विभागीय कर्मियों को मरम्मत कार्य के लिए क्षेत्र में भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि दोपहर बाद तक बिजली बहाल होने की उम्मीद है, हालांकि क्षति ज्यादा होने के कारण मरम्मत में समय लग सकता है.

सड़क पर बिखरी रहीं पेड़ों की डालियां

मुख्य सड़क और ग्रामीण इलाकों में भी कई जगह पेड़ों की बड़ी-बड़ी डालियां टूटकर गिर गयीं. इससे कई रास्ते बाधित हो गए. सुबह के समय स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम सड़क साफ कराने में जुटी रही.

रातभर अंधेरे और उमस से जूझते रहे लोग

अचानक बिजली गुल होने से लोगों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी. भीषण उमस और अंधेरे के कारण लोगों की नींद खराब हो गयी. ग्रामीण इलाकों में पानी और मोबाइल चार्जिंग जैसी समस्याएं भी सामने आयीं.प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >