बांका में वट सावित्री पूजा की खरीदारी से बाजार गुलजार

बांका में वट सावित्री पूजा की खरीदारी से बाजार गुलजार

बौसी( बांका )से संजीव पाठक की रिपोर्ट,

वट सावित्री पूजा को लेकर शुक्रवार को नगर क्षेत्र का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा. पूजा सामग्री, फल-फूल और श्रृंगार के सामानों की खरीदारी के लिए सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ बाजार में उमड़ पड़ी. बढ़ती भीड़ के कारण डैम रोड, मुख्य चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही. सड़क किनारे अस्थायी दुकानों के लग जाने और वाहनों की लंबी कतारों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी.

जाम से हुई परेशानी

सबसे अधिक असर डैम रोड और मुख्य चौक इलाके में देखने को मिला, जहां पैदल चलना तक मुश्किल हो गया.जाम के कारण स्कूली बच्चों को लेकर लौट रहे वाहन काफी देर तक फंसे रहे. अभिभावकों को बच्चों के घर पहुंचने में काफी विलंब का सामना करना पड़ा. वहीं रोजमर्रा के काम से निकले लोग भी घंटों जाम में फंसकर परेशान दिखे.

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब एंबुलेंस समेत कई जरूरी वाहन भी जाम में अटक गए. संकरी सड़क और दोनों ओर लगी दुकानों की वजह से वाहनों की आवाजाही बाधित होती रही. कई जगहों पर बाइक और ऑटो चालकों के बीच आगे निकलने की होड़ से अव्यवस्था बढ़ती गई.

हालांकि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया.चौक पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार यातायात को सामान्य करने में जुटे रहे.कई स्थानों पर पुलिस ने सड़क किनारे लगी दुकानों को हटवाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु कराने का प्रयास किया. इसके बावजूद देर शाम तक बाजार क्षेत्र में रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही.

पूजा को लेकर बाजार में रौनक तो दिखी, लेकिन यातायात व्यवस्था चरमराने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने पर्व-त्योहार के दौरान बाजार क्षेत्र में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >