बिजली-पानी की किल्लत से जूझ रहा लौगांय विद्यालय, प्रधान शिक्षिका ने बीडीओ से लगायी गुहार
धोरैया.
प्रखंड की बटसार पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय लौगांय में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है. बिजली और पानी की समस्या से त्रस्त होकर विद्यालय की प्रधान शिक्षिका नीतू सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार को आवेदन देकर समाधान की मांग की है. प्रधान शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण गर्मी में बच्चों को पढ़ना दूभर हो गया है. चापाकल खराब होने से पेयजल का संकट खड़ा हो गया है. वर्तमान में एमडीएम का संचालन पूरी तरह नल-जल योजना के भरोसे है, जिसकी अनियमितता से बच्चों को प्यासा रहना पड़ता है. उन्होंने बताया कि पूर्व में भी विभाग को सूचित किया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है. शिक्षिका ने बीडीओ से जल्द से जल्द इन समस्याओं के निष्पादन की अपील की है.
सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.