बांका में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला

Banka News : बांका के पंजवारा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोप है कि आधी रात घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

पंजवारा (बांका) से गौरव कश्यप की रिपोर्ट :

पंजवारा थाना क्षेत्र के लखपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित महेश मांझी ने अपने चचेरे भाई और उसके पुत्र पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है. हमले में गंभीर रूप से घायल महेश मांझी ने थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

आधी रात घर में घुसकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, लखपुरा गांव निवासी महेश मांझी सोमवार की रात अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान उनके चचेरे भाई प्रदीप मांझी और उनके पुत्र राजेश मांझी कथित रूप से घर में घुस आए. आरोप है कि दोनों ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर महेश मांझी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.हमले के दौरान महेश मांझी के साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुई घटना से परिवार के लोग घबरा गए और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए.

डायल 112 की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की प्रारंभिक जानकारी जुटाई.घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था.

पुलिस ने शुरू की जांच

मंगलवार सुबह घायल महेश मांझी पंजवारा थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है.वहीं पंजवारा थाना के थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर छानबीन कर रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >