बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट :
बांका के भयहरण स्थान स्थित मिलिट्री ग्राउंड में आयोजित निःशुल्क योग शिविर लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. सुबह 5:30 बजे शुरू होने वाले इस शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं. योग गुरु दिनेश झा के निर्देशन में प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया जा रहा है.योग के जरिये बदल रही लोगों की दिनचर्या
आयोजकों के अनुसार, शुरुआत में शिविर में गिने-चुने लोग ही पहुंचते थे, लेकिन अब रोजाना दर्जनों लोग योग करने आ रहे हैं. महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है. नियमित रूप से शिविर में शामिल होने वाली सीमा गुप्ता, सुमन देवी और रानी कुमारी ने बताया कि योग शुरू करने के बाद कमर दर्द और शुगर जैसी समस्याओं में काफी राहत मिली है.उन्होंने कहा कि पहले दवाओं पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब शरीर में ऊर्जा और मानसिक शांति महसूस होती है. यही कारण है कि शहर के लोग अब योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं.
हर उम्र के लोग बन रहे योग अभियान का हिस्सा
यह योग शिविर पूरी तरह निःशुल्क है, जिससे हर वर्ग के लोग इससे जुड़ रहे हैं. 12 साल के स्कूली बच्चों से लेकर 75 साल तक के बुजुर्ग नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं. रविवार को विशेष सत्र आयोजित कर ध्यान और तनाव मुक्ति की तकनीक भी सिखाई जाती है.योग गुरु दिनेश झा का कहना है कि नियमित योग करने से न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है. उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग के लिए निकालने की अपील की.स्थायी योग केंद्र बनाने की उठी मांग
नगर परिषद और मिलिट्री ग्राउंड समिति की ओर से मैदान की साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था की गई है. शहरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मिलिट्री ग्राउंड को स्थायी योग केंद्र के रूप में विकसित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य लाभ ले सकें.
