एक महीने से दहशत फैला रहे कटखने बंदर काे वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Banka News : अमरपुर प्रखंड के महौता गांव में पिछले एक महीने से लोगों के लिए दहशत बना कटखना बंदर आखिरकार वन विभाग के हत्थे चढ़ गया. बंदर के आतंक से गांव के लोग इतने सहमे हुए थे कि बच्चों को स्कूल भेजना तक बंद कर दिया गया था. कई ग्रामीण और महिलाएं दिन में भी घर से बाहर निकलने से डर रहे थे. मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम ने बंदर का सफल रेस्क्यू कर उसे पिंजरे में बंद कर लिया.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट:

प्रखंड क्षेत्र की भिखनपुर पंचायत अंतर्गत महौता गांव में मंगलवार को वन विभाग की टीम ने लंबे समय से आतंक मचा रहे कटखने बंदर को रेस्क्यू कर लिया. बंदर के पकड़े जाने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने से यह बंदर गांव में लगातार लोगों पर हमला कर रहा था.

दर्जनों ग्रामीणों पर कर चुका था हमला

ग्रामीणों के अनुसार कटखने बंदर ने अब तक दर्जनों लोगों को काटकर घायल कर दिया था. इनमें आठ ग्रामीण गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. सभी घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया, जबकि कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर करना पड़ा.

डर के साये में जी रहे थे ग्रामीण

कटखने बंदर के डर से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ था. महिलाएं दिन में भी घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रही थीं. कई परिवारों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया था. गांव के लोग हर समय बंदर के हमले की आशंका से सहमे रहते थे.

लगातार शिकायत के बाद हरकत में आया वन विभाग

ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद वन विभाग की तीन सदस्यीय टीम पिंजरा लेकर महौता गांव पहुंची. काफी मशक्कत के बाद टीम ने बंदर को पकड़कर पिंजरे में बंद कर लिया और अपने साथ ले गई.कटखने बंदर के रेस्क्यू के बाद गांव में सामान्य स्थिति लौटती नजर आ रही है. ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर संतोष जताया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >