100 गांवों की लाइफलाइन बनी सड़क बदहाल, विधायक मनीष कुमार ने सरकार को लिखा पत्र

Road Demand in Dhoriya : धोरैया विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण योजना को लेकर विधायक मनीष कुमार ने ग्रामीण कार्य विभाग को पत्र लिखकर जल्द निर्माण कराने की मांग की है. पुनसिया से परसा होते हुए बबुरा तक जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर पड़ी है, जिससे करीब 100 गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट:

धोरैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनीष कुमार ने क्षेत्र की जर्जर सड़क समस्या को लेकर ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार को पत्र भेजा है. उन्होंने विभाग से पुनसिया से परसा होते हुए बबुरा तक जाने वाली सड़क का शीघ्र निर्माण कराने का आग्रह किया है.

100 गांवों को जोड़ती है यह महत्वपूर्ण सड़क

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यह सड़क क्षेत्र के लगभग 100 गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. सड़क की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है. जगह-जगह सड़क टूट चुकी है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

किसानों, छात्रों और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

पत्र में उल्लेख किया गया है कि सड़क की जर्जर स्थिति का सबसे ज्यादा असर किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों पर पड़ रहा है. बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं. कई जगहों पर सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण आवागमन लगभग बाधित हो जाता है.

अधूरा निर्माण बना परेशानी की वजह

विधायक ने कहा कि पूर्व में सड़क के कुछ छोटे हिस्सों का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब भी कई महत्वपूर्ण हिस्से निर्माण से वंचित हैं. उन्होंने विभाग से आग्रह किया है कि बचे हुए हिस्सों को एक ही स्ट्रेच में जोड़ते हुए समग्र रूप से सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके.

विकास के लिए जरूरी है सड़क निर्माण

विधायक मनीष कुमार ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. सड़क बनने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >