कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :
खगड़िया जिला के दलदौर गांव निवासी स्व. मुनिलाल चौधरी के 75 वर्षीय पुत्र राजेंद्र चौधरी बाबाधाम की पैदल कांवर यात्रा में सुल्तानगंज से जलार्पण के बाद पुनः देवघर की ओर चल रहे थे. उनकी बेटी बिंदु देवी और दामाद मनोज जायसवाल उनके साथ थे.लगातार हो रही थी दस्त व उल्टी
कांवर पथ के गडुआ के समीप दांडी आश्रम में राजेंद्र चौधरी की तबियत अचानक बिगड़ गई. लगातार दस्त और उल्टी होने पर उनकी स्थिति गंभीर होने लगी. तुरंत ही परिवारजन ने उन्हें कटोरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया.
कुछ दिन पहले ही राजेंद्र ने दंड यात्रा कर किया था जलार्पण
सीएचसी की मेडिकल टीम ने राजेंद्र चौधरी का प्राथमिक उपचार किया और उनकी हालत पर नजर बनाए रखी. कांवरिया ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने सुल्तानगंज से दंड यात्रा पूरी की थी और बाबाधाम में जलार्पण किया था. दंड यात्रा की सफलता का आभार प्रकट करने और बाबा को सलामी कांवर अर्पित करने के लिए वह बेटी और दामाद के साथ देवघर जा रहे थे.समय रहते मेडिकल टीम ने किया उपचार
कांवर यात्रा के दौरान बुजुर्गों और अस्वस्थ यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जतायी जा रही है. परिवारजन और मेडिकल टीम ने समय रहते प्राथमिक उपचार कर बड़ी दुर्घटना टलने की जानकारी दी.
