तीसरी सोमवारी पर शिवमय हुआ कटोरिया, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

सावन की तीसरी सोमवारी पर कटोरिया के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष और शिव-चर्चा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

कटोरिया (बांका) ; सावन मास की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को कटोरिया और आसपास का पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा रहा. सुबह से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही. भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, फल और पूजन सामग्री अर्पित की. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र में शांति और विश्व कल्याण की कामना की. मंदिर परिसरों में हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

कई जगहों पर हुआ शिवचर्चा का आयोजन

तीसरी सोमवारी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर महिला शिव बहनों की ओर से शिवचर्चा का आयोजन किया गया. कठौन शिव मंदिर, आइडियल होली मिशन आवासीय विद्यालय के समीप स्थित शिव मंदिर और कांवरिया धर्मशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद शिव महिमा का गुणगान, शिव कथा, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन हुआ.

शिव भजनों पर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

महिला श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान भोलेनाथ का गुणगान करते हुए प्रेम, शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया. शिव भजनों की मधुर धुन और जयकारों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए. कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती की गयी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

कई शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कठौन स्थित शिव मंदिर, कांवरिया धर्मशाला परिसर के बाबा कामेश्वर धाम, थाना रोड स्थित ठाकुरबाड़ी, पिंड़रा पहाड़ स्थित पहाड़नाथ शिव मंदिर, सुईया-झाझा, जमदाहा, जयपुर, चांदन, भैरोगंज, लालपुर, सुईया और तेतरिया सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. कई स्थानों पर पूजा के बाद शिवचर्चा का आयोजन भी हुआ.

तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष और जगह-जगह हुए शिवचर्चा कार्यक्रमों से कटोरिया क्षेत्र दिनभर भक्तिमय बना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >