Katoria Road Accident : कटोरिया थाना क्षेत्र के कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर कठौन रेलवे ओवरब्रिज के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान बेलहर पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद वहां से गुजर रहे थे. उन्होंने बिना देर किए अपनी टीम की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटोरिया पहुंचाया, जिससे उनका समय पर इलाज शुरू हो सका.
तीनों घायलों को देवघर किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार एवं डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर चोटों को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया.
घायलों की पहचान तरगच्छा गांव निवासी परमानंद पंडित के 24 वर्षीय पुत्र उमाकांत कुमार, दर्वेपट्टी गांव निवासी विनोद तांती के 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार तथा बेलाटिकर गांव निवासी कामदेव मंडल के 16 वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है. चिकित्सकों के अनुसार उमाकांत कुमार और राहुल कुमार के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं.
आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार उमाकांत कुमार बाइक से कटोरिया प्रखंड कार्यालय की ओर से जीओ कार्यालय की दिशा में जा रहे थे. वहीं राहुल कुमार अपने फुफेरे भाई प्रेम कुमार के साथ बेलाटिकर से दर्वेपट्टी लौट रहे थे. कठौन रेलवे ओवरब्रिज के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में दोनों बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
अस्पताल में जुटे परिजन
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन बड़ी संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए. अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. प्राथमिक उपचार के बाद परिजन तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर लेकर रवाना हो गए.
पुलिस जुटी जांच में
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
