कस्तूरबा विद्यालय में आयोजित शिविर | Prabhat Khabar Network

कस्तूरबा विद्यालय की 50 छात्राओं की हुई एनीमिया जांच, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

कटोरिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एनीमिया जांच और पोषण-स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. इसमें करीब 50 छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें एनीमिया से बचाव व संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया गया.

कटोरिया (बांका). कटोरिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास निगम, बांका के सौजन्य से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एनीमिया जांच एवं पोषण-स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य छात्राओं को एनीमिया के प्रति जागरूक करने के साथ पोषण और स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना था.

50 छात्राओं की हुई स्वास्थ्य जांच

शिविर में जिला और प्रखंड स्तर से पहुंची टीम ने विद्यालय की करीब 50 छात्राओं के हीमोग्लोबिन समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की. जांच के दौरान छात्राओं को एनीमिया के कारण, उससे बचाव के उपाय और शरीर में पर्याप्त पोषण बनाए रखने की जानकारी दी गयी.

संतुलित और पौष्टिक आहार की दी जानकारी

अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया. नियमित खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों को लेकर भी छात्राओं को जानकारी दी गयी. किशोरियों के स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव लाने में पोषण और जागरूकता की भूमिका पर भी चर्चा की गयी.

फल, सेनेटरी पैड और नाश्ते का वितरण

स्वास्थ्य जांच के बाद छात्राओं के बीच सेब, अनार और केला समेत अन्य सामग्री का वितरण किया गया. छात्राओं को सेनेटरी पैड और नाश्ता भी उपलब्ध कराया गया. शिविर के माध्यम से किशोरियों को अपने स्वास्थ्य और पोषण को लेकर नियमित रूप से सजग रहने का संदेश दिया गया.

स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह

अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए.

अधिकारी और विद्यालय कर्मी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला मुख्यालय से पहुंची टीम के सदस्य माधुरी कुमारी एवं शेखर कुमार, कटोरिया सीएचसी के चिकित्सक डॉ. पुरू कुमार सिंह, नेहा कुमारी, विद्यालय की वार्डन कनकलता, शिक्षिका भारती, सारिका सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >