भादो में भी गुलजार है कांवरिया पथ, बारिश के बाद सुहाने मौसम में तेज हुए कांवरियों के कदम; जन्माष्टमी पर उमड़ेगी भीड़

भादो माह में भी अजगैबीनाथ धाम से बाबा बैद्यनाथ धाम तक कावड़िया पथ श्रद्धालुओं से गुलजार है. सुहाने मौसम के कारण भक्तों की यात्रा तेज हो गई है. जन्माष्टमी पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर की ओर बढ़ रहे हैं.

अजगैबीनाथ धाम सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर तक की पवित्र कांवर यात्रा को लेकर भादो माह में भी संपूर्ण कांवरिया पथ गुलजार नजर आ रहा है. पिछले दो दिनों से हुई झमाझम बारिश के बाद गुरुवार को मौसम सुहाना रहा. इससे पांव-पैदल बाबा नगरी की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों को काफी राहत मिली. मौसम अनुकूल रहने के कारण कांवरियों के कदमों में भी रफ्तार दिखी. आगामी 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण को लेकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु सुल्तानगंज से कांवर उठाकर देवघर की ओर रवाना हो रहे हैं.

जयकारों से गूंज रहा पूरा कांवरिया पथ

कांवरिया पथ पर चारों ओर केसरिया वस्त्रधारी शिवभक्तों के जत्थे नजर आ रहे हैं. ‘बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है’, ‘बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजायमान हो रहा है. कांवरियों के उत्साह और भक्ति से यात्रा मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है.

प्रमुख पड़ावों पर कांवरियों का ठहराव

कांवरिया पथ के जिलेबिया मोड़, टंगेश्वर, सुईया पहाड़, शिवलोक, अबरखा, सतलेटवा, तरपतिया, दुल्लीसार, विश्वकर्मानगर, जमुआ मोड़, राजबाड़ा, देवासी, लक्ष्मणझूला, इनारावरण, भूलभूलैया, गोडियारी नदी और दुम्मा बॉर्डर सहित विभिन्न स्थानों पर कांवरियों का ठहराव हो रहा है.

श्रद्धालु कुछ देर रास्ते में विश्राम करने के बाद फिर बोल बम का जयघोष करते हुए बाबा नगरी की ओर बढ़ रहे हैं. बारिश के बाद मौसम ठंडा और सुहाना रहने से पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से भी राहत मिली है.

सरकारी धर्मशालाओं में भी बढ़ी भीड़

कांवरिया पथ स्थित जिलेबिया मोड़, अबरखा, इनारावरण और हड़खार धर्मशाला में भी बड़ी संख्या में कांवरियों का ठहराव हो रहा है. यहां श्रद्धालु कुछ देर आराम करने के बाद अपनी यात्रा फिर शुरू कर रहे हैं. धर्मशालाओं और पड़ावों पर भी बोल बम के जयकारे सुनाई दे रहे हैं.

जन्माष्टमी पर जलार्पण को लेकर बढ़ा उत्साह

इधर कटोरिया क्षेत्र से गुरुवार को काफी संख्या में श्रद्धालुओं का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ. श्रद्धालु 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर अजगैबीनाथ धाम में गंगा स्नान कर कांवर उठाएंगे और बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए देवघर की ओर प्रस्थान करेंगे.

जन्माष्टमी के मौके पर बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. भादो माह में भी कांवरिया पथ पर बढ़ती चहल-पहल और शिवभक्तों की लगातार आवाजाही से पूरा मार्ग एक बार फिर बोल बम के रंग में रंगा नजर आ रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >