Banka News: बेलहर (बांका). प्रखंड क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ कांवरिया पथ पर रविवार सुबह आरा जिले के एक कांवरिया की हृदय गति रुकने से मौत हो गई. मृतक की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के नोनार गांव निवासी जितेंद्र सिंह, पिता स्व. रामपुकार सिंह के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी संगीता देवी, पुत्र अंकुश कुमार और गांव के अन्य श्रद्धालुओं के साथ सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल बाबाधाम देवघर जा रहे थे. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया.
पहाड़ी की सीढ़ियां चढ़ने के दौरान बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार जितेंद्र सिंह शनिवार को सुल्तानगंज से जल भरकर बाबाधाम के लिए निकले थे. रास्ते में मुंगेर जिले के कुमरसार स्थित शिविर में रात्रि विश्राम करने के बाद रविवार सुबह उन्होंने फिर से कांवर यात्रा शुरू की. जिलेबिया मोड़ के पास झरना पहाड़ी की सीढ़ियां चढ़ने के दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़े.
स्वास्थ्य शिविर में कराया गया भर्ती
जितेंद्र सिंह के गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिलेबिया मोड़ स्थित उप नियंत्रण कक्ष के स्वास्थ्य शिविर में पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर रेफर कर दिया. बेलहर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पत्नी ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
घटना की सूचना मिलने पर बेलहर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. हालांकि मृतक की पत्नी संगीता देवी ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि उनके पति की पहले से तबीयत कुछ खराब थी. गांव में कमजोरी का इलाज कराने के बाद ही वे बाबाधाम की यात्रा पर निकले थे. बाद में परिजन शव को अपने साथ लेकर चले गये.
परिवार के पालन-पोषण के लिए अहमदाबाद में करते थे मजदूरी
Banka News: जितेंद्र सिंह अहमदाबाद में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं. पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्र घर पर रहता है. पति की मौत की खबर के बाद संगीता देवी और उनके बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लिए धार्मिक यात्रा की खुशी अचानक गहरे दुख में बदल गई.
