कटोरिया (बांका) : सुल्तानगंज से बाबाधाम की पैदल कांवर यात्रा पर निकले अररिया जिले के 40 वर्षीय कांवरिये की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद कांवरिया पथ पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
कांवरिया पथ पर अचानक बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान अररिया निवासी अजय चौधरी के 40 वर्षीय पुत्र गोपाल चौधरी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सुईया थाना क्षेत्र के कौआदह स्थित कांवरिया पथ पर यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी.
सुईया पुलिस की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें गंभीर हालत में तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया.
ऑक्सीजन और सीपीआर देने के बाद भी नहीं बची जान
कटोरिया सीएचसी में चिकित्सकीय टीम ने तत्काल उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालत गंभीर होने पर उन्हें ऑक्सीजन दी गयी और सीपीआर भी दिया गया. इसके बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने कटोरिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.
परिजनों से संपर्क करने में जुटी पुलिस
पुलिस मृतक कांवरिये की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही परिजनों से संपर्क कर घटना की सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
