चौथे सप्ताह भी कांवरिया पथ पर उमड़ा केसरिया सैलाब, बोल-बम से गूंज रहा मार्ग

श्रावणी मेला के चौथे सप्ताह में भी कांवरिया पथ पर शिवभक्तों का सैलाब जारी है। बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं की भक्ति से पूरा मार्ग शिवमय है।

कटोरिया (बांका) : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का चौथा सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन कांवरिया पथ पर शिवभक्तों की भीड़ में अब भी कोई कमी नहीं दिख रही है. अजगैबीनाथ धाम से बाबा बैद्यनाथ धाम तक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है. कंधे पर कांवर और उसमें पवित्र गंगाजल लेकर महिला-पुरुष श्रद्धालु नंगे पांव बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं.

छाता लेकर चलते शिवभक्त | Prabhat Khabar Network

भक्ति के दिख रहे अलग-अलग रंग

कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की भक्ति के अलग-अलग रंग आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. कोई चिलचिलाती धूप और बारिश से बचने के लिए छाता लेकर चल रहा है, तो कोई प्लास्टिक ओढ़कर यात्रा पूरी कर रहा है. कई श्रद्धालु भारी-भरकम और आकर्षक ढंग से सजायी गयी कांवर लेकर बाबा नगरी की ओर बढ़ रहे हैं. कुछ कांवरिये पिट्ठू में गंगाजल लेकर नंगे पांव यात्रा करते नजर आ रहे हैं.

कांवर की सजावट खींच रही ध्यान

कई श्रद्धालुओं की कांवर पर की गयी आकर्षक सजावट और धार्मिक संदेश राहगीरों का ध्यान खींच रहे हैं. लंबी दूरी और थकान के बावजूद शिवभक्तों के कदम लगातार आगे बढ़ रहे हैं. रास्ते में लगे सेवा शिविरों पर मिल रही सुविधाओं के साथ बोल-बम के जयघोष से कांवरियों में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है.

गमछा ओढ़कर चल रही युवती श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

बोल-बम के जयघोष से गूंज रहा कांवरिया पथ

संपूर्ण कांवरिया पथ इन दिनों बोल-बम, हर-हर महादेव और 'बाबा नगरिया दूर है, जाना जरूर है' जैसे जयघोषों से गूंज रहा है. चौथे सप्ताह में भी कांवरियों की लगातार भीड़ यह बताती है कि सावन की आस्था और बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की भक्ति में कोई कमी नहीं आयी है. केसरिया सैलाब के बीच पूरा कांवरिया मार्ग शिवमय नजर आ रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >