बाराहाट( बांका) से अजय कुमार झा की रिपोर्ट :
बांका जिले के बाराहाट प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर पंचायत के मखनपुर गांव में होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का जंपिंग सेट आग लगने से पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. ग्रामीण युवाओं ने सीमित संसाधनों और जुगाड़ के सहारे पुआल व भूसा से यह सेट तैयार किया था, जहां वे रोजाना शारीरिक अभ्यास करते थे.महीनों की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख
जानकारी के अनुसार गांव के नहर किनारे कई महीनों से युवक होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान अचानक जंपिंग सेट में आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा सेट जलकर राख हो गया.
युवाओं में छाई मायूसी
घटना के बाद तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा का माहौल है. युवाओं का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे मेहनत कर भर्ती की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस घटना ने उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है.असामाजिक तत्वों पर जताई आशंका
स्थानीय युवाओं ने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है. हालांकि अब तक घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है.
पंचायत समिति सदस्य पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य मो. अराफात मौके पर पहुंचे और युवाओं से पूरी जानकारी ली.सहयोग का दिया भरोसा
मो. अराफात ने पीड़ित युवाओं को अपने निजी कोष से हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि युवाओं की तैयारी किसी भी परिस्थिति में रुकनी नहीं चाहिए और वे फिर से अभ्यास शुरू करें.
