कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :
सुईया थाना क्षेत्र के उत्तरी कसवा वसीला पंचायत अंतर्गत नावाडीह गांव में मंगलवार को पारिवारिक विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घायल महिला की पहचान जीविका सीएम रूपा कुमारी के रूप में हुई है. पीड़िता ने अपने गोतनी, भैंसुर और भतीजों पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है.गोतनी, भैंसुर और भतीजों पर मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, नावाडीह गांव निवासी अजीत पंडित की पत्नी रूपा कुमारी के साथ पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट की गई. आरोप है कि गोतनी खुशबू देवी, भैंसुर अजय पंडित और भतीजा अमित कुमार व अंश कुमार ने मिलकर महिला को जमीन पर पटक दिया और बेरहमी से पिटाई की. मारपीट में घायल रूपा कुमारी को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया.
सास-ससुर को साथ रखने को लेकर विवाद
घायल महिला ने सुईया थाना में दिए आवेदन में बताया कि वह अपने रिश्ते के सास और ससुर को अपने साथ रखकर उनका भरण-पोषण करती है. इसी बात को लेकर गोतनी और भैंसुर विरोध करते हैं. रूपा कुमारी का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर मंगलवार को पहले गाली-गलौज की गई और फिर उनके साथ मारपीट की गई.अस्पताल में हुआ इलाज, पुलिस जांच में जुटी
कटोरिया सीएचसी में चिकित्सक डा शैलजानंद शुक्ला ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया. वहीं पीड़िता की शिकायत के आधार पर सुईया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
