शादी के दो महीने बाद ही दहेज की मांग, नवविवाहिता ने पति समेत चार पर दर्ज कराई प्राथमिकी

Banka News : बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है. शादी के महज दो महीने बाद नवविवाहिता ने अपने पति, सास और ननदों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया.

बेलहर (बांका) से अभय कुमार ”सोनु” की रिपोर्ट :

बेलहर थाना क्षेत्र के डुमरिया पंचायत अंतर्गत पसिया गांव की रहने वाली नवविवाहिता सृष्टि रंजन ने दहेज प्रताड़ना को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़िता ने अपने पति सिंटू कुमार, सास मनती देवी तथा ननद खुशबू देवी और चांदनी देवी पर दहेज की मांग को लेकर गाली-गलौज, मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है.

शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग

थाना में दिए आवेदन में सृष्टि रंजन ने बताया कि उनकी शादी 15 मार्च 2026 को सिंटू कुमार के साथ हुई थी. शादी में उनके माता-पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार पर्याप्त सामान और उपहार दिए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे.पीड़िता का आरोप है कि उनसे मायके से एक लाख रुपये नकद, सोने की सीकरी और अंगूठी लाने का दबाव बनाया जा रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी.

विरोध करने पर की गई मारपीट

सृष्टि रंजन ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने दहेज की मांग का विरोध किया तो पति और अन्य ससुराल वालों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं.उन्होंने यह भी बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उनके पिता ससुराल पहुंचे और मामले को बातचीत से सुलझाने की कोशिश की. लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके पिता के साथ भी मारपीट कर उन्हें घर से भगा दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले को लेकर बेलहर थाना के थानाध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >