बांका के अमरपुर में विद्यालय के छात्रों को खाने में अंडा नहीं मिलने से किया हंगामा

बांका के अमरपुर में विद्यालय के छात्रों को खाने में अंडा नहीं मिलने से छात्रों ने हंगामा किया

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट,

अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर बारह आदर्श मध्य विद्यालय (बालक) में शुक्रवार को अंडा नहीं मिलने से विद्यालय में अध्ययन रत छात्र एवं छात्राओं ने जमकर हंगामा करते हुए मध्याह्न भोजन खाने का बहिष्कार कर दिया. आक्रोशित बाल सांसद एवं मीना मंच के छात्र अंश कुमार, सोनाक्षी कुमारी, छोटी कुमारी, हर्ष कुमार, रागनी कुमारी, मनीषा कुमारी, रेखा कुमारी, अराध्या कुमारी, सुनैना कुमारी, निशू कुमारी, गुंजा कुमारी आदी छात्रों ने बताया कि पूर्व में विद्यालय में ही रसोईया के द्वारा भोजन बनाई जाती थी जिसमें गुणवत्ता के साथ-साथ मीनू के अनुसार भोजन मिलता था.लेकिन अब भोजन विद्यालय में बंद कर मध्याह्न भोजन संचालित करने की जिम्मेदारी सुंदर अमरशील स्वयं सेवी संस्था को दे दिया है.जब से भोजन की जिम्मेदारी एनजीओ के जिम्मे दिया गया है तब से लेकर आज तक छात्र एवं छात्राओं को गुणवत्ता पुर्ण भोजन नहीं मिलता है.

गुणवत्ता की रहती है कमी

कभी भोजन में कीड़ा निकल जाता है तो कभी भोजन की क्वालिटी इतनी खराब होती है कि छात्र उसे खाने से मना कर देते हैं. छात्र एवं छात्राओं ने बताया कि विगत सात सप्ताह से प्रत्येक शुक्रवार को मिलने वाली अंडा एनजीओ के कर्मी द्वारा पुरी तरह से गायब कर दिया गया है. अब अंडा की जगह घटिया किस्म का एक-एक केला छात्रो को दिया जा रहा है जबकि अन्य विद्यालयों में हर शुक्रवार को अंडा दिया जा रहा है. छात्र एवं छात्राओं को एनजीओ के कर्मियों द्वारा भोजन की मात्रा भी कम दिया जाता है. छात्र एवं छात्राओं ने बताया कि मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी की सुचना पुर्व में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार साह तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भी दिया गया था लेकिन आज तक मध्याह्न भोजन में कोई सुधार नहीं किया गया. छात्र एवं छात्राओं ने उच्च अधिकारियों से एनजीओ को दिये गये मध्याह्न भोजन की जिम्मेदारी पुरी तरह से बंद करते हुए विद्यालय में ही भोजन बनवाने की मांग किया.

समझाने का प्रयास रहा विफल

प्रभारी प्रधानाध्यापक कामेश्वर राम ने आक्रोशित छात्र एवं छात्राओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र विद्यालय में भोजन संचालन की मांग पर अडिग रहे.सुचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद संजीव कुमार साह विद्यालय परिसर पहुंच कर आक्रोशित छात्र एवं छात्राओं की मांगो को गंभीरता से सुनकर मामले से जिला पदाधिकारी को अवगत कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने एनजीओ सहायक रंजीत सिंह से विद्यालय में मीनू के अनुसार गुणवत्ता पुर्ण भोजन तथा प्रत्येक शुक्रवार को विद्यालय में अंडा देने की बात कही.प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की आश्वासन के बाद आक्रोशित छात्र एवं छात्राये एनजीओ सहायक को भोजन चख कर गुणवत्ता का अंदाज़ा लगाने की बात कही जिस पर एनजीओ सहायक स्वयं छात्र एवं छात्राओं के बीच बैठकर भोजन किया.मामले को लेकर जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक वेदानंद सुमन से बात करने का प्रयास किया गया तो पता चला कि प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण सत्र में शामिल होने पटना गये हुए हैं. मामले को लेकर एमडीएम प्रभारी सुभाषचंद्र पंडित ने दूरभाष पर बताया कि नगर पंचायत में अवस्थित विद्यालयों में मध्याह्न भोजन संचालन करने की जिम्मेदारी सुंदर अमरशील स्वयं सेवी संस्था को दी गई है. संस्था के द्वारा मीनू के अनुसार सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का वितरण कर रहे हैं.कुछ विद्यालयों से भोजन की गुणवत्ता खराब होने तथा प्रत्येक शुक्रवार को अंडा नहीं मिलने की शिकायत आ रही है जिसकी निष्पक्षता के साथ जांच की जाएगी. जांच पर दोषी पाए जाने वाले एनजीओ पर विधी संवत कार्यवाही की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >