कटोरिया के आवासीय स्कूल में खून से लथपथ मिला LKG का छात्र, गंभीर हालत में देवघर रेफर

Hostel Horror: बांका के कटोरिया स्थित एक आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एलकेजी का सात वर्षीय छात्र बाथरूम में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में मिला. इस घटना बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Hostel Horror: कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर बाजार स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में हुई इस घटना ने न केवल अभिभावकों बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया. घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और विद्यालय प्रबंधन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

मुख्य बातें

बाथरूम में खून से लथपथ मिला मासूम

जानकारी के अनुसार सोमवार की अहले सुबह हॉस्टल के कुछ बच्चे शौचालय की ओर गए थे. इसी दौरान उन्हें बाथरूम के अंदर से कराहने की आवाज सुनाई दी. बच्चों ने तत्काल विद्यालय की प्राचार्या रंजू कुमारी को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर छात्र गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में पाया गया. इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया.

सिर पर धारदार हथियार से हमले की आशंका

घायल छात्र की पहचान जयश्री गांव निवासी कुमोद यादव के सात वर्षीय पुत्र आनंद कुमार के रूप में हुई है. वह एलकेजी का छात्र है और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है. चिकित्सकों के अनुसार छात्र के सिर पर चाकू या ब्लेड जैसे धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं. अस्पताल पहुंचने के समय वह अचेत था और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

पिता बोले, चार दिन पहले ही छोड़ा था हॉस्टल

घायल छात्र के पिता कुमोद यादव ने बताया कि उन्होंने 19 जून को अपने पुत्र को विद्यालय के हॉस्टल में छोड़ाथा. सोमवार सुबह अचानक फोन पर बेटे के घायल होने की सूचना मिली. खबर मिलते ही वे विद्यालय और अस्पताल पहुंचे. घटना के बाद परिवार में मातम जैसा माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आखिर हॉस्टल के अंदर कैसे हुआ हमला?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्र पर हमला किसने किया और कैसे किया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना में किसी अन्य छात्र की भूमिका है या फिर कोई बाहरी व्यक्ति हॉस्टल परिसर में प्रवेश कर गया था. घटना ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

80 छात्रों की सुरक्षा पर उठे सवाल

विद्यालय में करीब 120 छात्र नामांकित हैं, जिनमें लगभग 80 छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं. ऐसे में हॉस्टल परिसर के भीतर एक मासूम छात्र का इस हालत में मिलना अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बन गया है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है.

स्कूल रजिस्ट्रेशन और CCTV व्यवस्था की होगी जांच

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि विद्यालय और हॉस्टल का आवश्यक रजिस्ट्रेशन है या नहीं तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं या नहीं. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज मिश्र ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. विद्यालय और हॉस्टल की जांच कराई जाएगी तथा सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल की जायेगी.

जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल छात्र का इलाज देवघर में चल रहा है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है. वहीं पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मासूम पर हमला किसने और किन परिस्थितियों में किया. पूरे क्षेत्र की नजर अब जांच रिपोर्ट और छात्र के स्वास्थ्य पर टिकी हुई है.

Also Read : मौसम विभाग की चेतावनी : बांका में अभी राहत नहीं, अगले 3 दिनों तक गर्मी व उमस का रहेगा डबल अटैक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AMIT KR SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >