बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
Banka News : बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत बौसी रेफरल अस्पताल परिसर में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को बाल श्रम के खिलाफ शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने किया. शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित सभी कर्मियों ने यह प्रण लिया कि 14 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से श्रम नहीं कराया जाए और इस संबंध में समाज के बीच व्यापक जागरूकता फैलाई जाए.बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर दिया गया जोर
कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के भविष्य को प्रभावित करता है और उन्हें शिक्षा से दूर कर देता है. इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बच्चों को विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई सुनिश्चित करने में सहयोग करे. शपथ लेने वालों ने यह भी संकल्प लिया कि वे लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे.बाल श्रम को बताया सामाजिक बुराई
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि बाल श्रम केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक बुराई भी है. इसके उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने कहा कि बच्चों का वास्तविक स्थान विद्यालय और खेल का मैदान है, न कि मजदूरी और श्रम वाले कार्यस्थल. यदि समाज जागरूक होगा तो बाल श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है.
