जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान विष्णु धर्म की रक्षा हेतु अवतार लेते हैं : गौरव

नगर पंचायत क्षेत्र के सिरायं में आयोजित भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ इन दिनों श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निरंतर जारी है.

भागवत कथा महायज्ञ का भव्य आयोजन, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गूंजे जयकारे

बौंसी. नगर पंचायत क्षेत्र के सिरायं में आयोजित भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ इन दिनों श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निरंतर जारी है. शनिवार को भी कथा प्रवचन का क्रम पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान अजय साह एवं उनकी धर्मपत्नी नीतू देवी हैं. रात्रि प्रवचन में कथावाचक गौरव चंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया. उन्होंने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान विष्णु धर्म की रक्षा हेतु अवतार लेते हैं. इसी उद्देश्य से श्रीकृष्ण ने मथुरा के कारागार में मध्यरात्रि को जन्म लिया. कथा के दौरान कंस के अत्याचार, देवकी-वसुदेव की पीड़ा और गोकुल में नंद-यशोदा के स्नेहिल पालन-पोषण की झलकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. कथावाचक ने यह भी संदेश दिया कि कठिन परिस्थितियों में जन्म लेने वाला बालक ही आगे चलकर महान बनता है और जीवन के संघर्षों से लड़ने की प्रेरणा देता है. जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया. दूर-दराज से लोग कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल पर विशेष रौनक देखने को मिल रही है. आयोजन की सफलता में समिति के अध्यक्ष मृणाल आनंद साह, उपाध्यक्ष अजय मंडल सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही. नगर पंचायत द्वारा साफ-सफाई और फॉगिंग की व्यवस्था की गयी है. साथ ही प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shubhash baidya

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >