बौंसी (बांका). एलएनडी पल्स टू उच्च विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गयी. अभियान का उद्देश्य किशोरियों में टीबी के संभावित लक्षणों की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना था, ताकि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिल सके. शिविर का संचालन रेफरल अस्पताल बौंसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ संजीव कुमार के नेतृत्व में किया गया. इस दौरान डॉ राम मुकेश यादव, एएनएम दुर्गा सागर एवं सहायक पिंटू कुमार की टीम ने करीब 109 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया.
जांच के दौरान कई छात्राओं में रक्त की कमी मिली
जांच में टीबी स्क्रीनिंग के अलावा एनीमिया, रक्तचाप, लंबाई, वजन तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण भी शामिल रहे. जांच के दौरान कई छात्राओं में रक्त की कमी, आंखों से जुड़ी समस्याएं, थकान, कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की पहचान हुई. चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श देने के साथ छात्राओं के बीच कैल्शियम, ओआरएस और विटामिन-सी की दवाइयों का भी वितरण किया. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार त्रिभुवन की देखरेख में पूरे अभियान का सफल संचालन किया गया.
शिविर को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्राओं ने भी सक्रिय सहयोग दिया. इस अवसर पर शिक्षिका अनुकृति आनंद, गिरिधर पासवान, विश्वजीत कुमार, पंकज कुमार, सुलेखा चौधरी, अनंत कुमार, छात्रा राधिका, मुस्कान,शालू,मनिषा,रिया,मधु, प्रिया, इन्दु, सौम्या, सृष्टि, मोनी सहित विद्यालय के कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं.
