बौंसी में बिजली चोरी पर बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

Banka News : बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) ने बड़ी कार्रवाई की है. विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पांच लोगों को मीटर बाईपास कर अवैध रूप से बिजली उपयोग करते पकड़ा गया. सभी के खिलाफ बौंसी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : बिजली विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बौंसी थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव में कुछ उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली उपयोग कर रहे हैं. इसके बाद विभाग ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया. टीम में कनीय विद्युत अभियंता राहुल कुमार के साथ मानवबल कर्मी सुनील कुमार और मिथलेश कुमार शामिल थे.

मीटर बाइपास कर की जा रही थी बिजली चोरी

छापेमारी के दौरान जांच टीम ने पाया कि कई उपभोक्ता मीटर बाईपास कर घरेलू श्रेणी में अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे. विभाग ने मौके पर जांच कर क्षति का आकलन किया और संबंधित उपभोक्ताओं पर जुर्माना निर्धारित किया.

शर्मिला कुमारी के घर पकड़ी गयी बिजली चोरी

जांच के दौरान शर्मिला कुमारी, पति बालकिशन राय के घर में 78 वाट बिजली चोरी पकड़ी गयी. विभाग के अनुसार इससे लगभग 3650 रुपये की क्षति हुई है.

मालती देवी पर सबसे अधिक बकाया

मालती देवी, पति महेश राय के परिसर में 529 वाट बिजली चोरी का मामला सामने आया. विभाग के अनुसार इस मामले में 19,192 रुपये की क्षति हुई. इसके अलावा उपभोक्ता पर पहले से 5498 रुपये का बिजली बिल बकाया था. कुल देय राशि 24,690 रुपये निर्धारित की गयी है.

अन्य उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई

घुरखेली राय के घर जांच में 78 वाट बिजली चोरी पकड़ी गयी, जिससे विभाग को 3650 रुपये की क्षति हुई. उपभोक्ता पर पहले से 20,192 रुपये बकाया था. कुल देय राशि 23,842 रुपये आंकी गयी है.वहीं हुरो राय के घर निरीक्षण के दौरान 69 वाट बिजली चोरी पकड़ी गयी. विभाग को 3352 रुपये की क्षति हुई, जबकि उपभोक्ता पर 16,061 रुपये का पूर्व बकाया था. कुल देय राशि 19,413 रुपये हो गयी है.इसके अलावा दीपनारायण राय, पिता जागेश्वर राय के घर भी 78 वाट बिजली चोरी का मामला सामने आया. विभाग को 3650 रुपये की क्षति हुई, जबकि उपभोक्ता पर 7559 रुपये बकाया था. कुल देय राशि 11,209 रुपये निर्धारित की गयी है.

बौंसी थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी

कनीय विद्युत अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि सभी मामलों में जांच सह जुर्माना प्रतिवेदन तैयार कर बौंसी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है.पुलिस ने बौंसी थाना कांड संख्या 131/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बिजली चोरी के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है that बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. विभाग ने लोगों से वैध कनेक्शन के साथ बिजली उपयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >