शंभुगंज. थाना क्षेत्र के बेलारी गांव में देसी कट्टा और कारतूस के साथ पकड़े गये युवक को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया. विदित हो कि बेलारी निवासी मो अयाज उर्फ अनमोल, पिता मो महफूज, मंगलवार की रात कथित रूप से अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान घरवालों की नजर उस पर पड़ गयी और उन्होंने शोर मचा दिया. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद होने की बात सामने आयी. हथियार मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये और आरोपित युवक को बंधक बनाकर उसके हाथ-पैर बांध दिये व उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद ग्रामीणों ने शंभुगंज थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गश्ती दल में शामिल अनि मो शहजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ थाना ले आयी. मामले में बेलारी गांव के ही मो मुदस्सिर के लिखित आवेदन पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया. वहीं आरोपित के परिजन का कहना है कि मो अयाज उर्फ अनमोल को फंसाया गया हैं. उन पर लगाया गया आरोप बेबुनियाद हैं. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच जारी हैं. गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
कट्टा व कारतूस के साथ गिरफ्तार युवक पर प्राथमिकी दर्ज, भेजा जेल
थाना क्षेत्र के बेलारी गांव में देसी कट्टा और कारतूस के साथ पकड़े गये युवक को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया.
