भलजोर चेकपोस्ट पर 2,824 लीटर विदेशी शराब जब्त, कुरकुरे के बोरों के नीचे छिपाकर ले जा रहा था ट्रक

श्रावणी मेले के दौरान शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. भलजोर चेकपोस्ट पर एक ट्रक से 2,824 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे कुरकुरे के बोरों के नीचे छिपाया गया था. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

Liquor Seizure: बौसी (बांका). श्रावणी मेला के दौरान शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. भागलपुर-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भलजोर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान एक छह चक्का ट्रक से 2,824.20 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. ट्रक में शराब को कुरकुरे के बोरों के नीचे बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाया गया था. पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया.

कुरकुरे के बोरों के नीचे छिपाई गई थी शराब

उत्पाद अधीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. जांच के दौरान झारखंड की ओर से आ रहे ट्रक को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में कुरकुरे के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई 6,568 बोतलों में कुल 2,824.20 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

भागलपुर में खपाने की थी तैयारी

गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के जामताड़ा जिले के दिगंबर यादव के 26 वर्षीय पुत्र शंकर यादव के रूप में हुई है. पूछताछ में सामने आया कि शराब धनबाद जिले के गोविंदपुर से लोड की गई थी और उसे भागलपुर में ऊंची कीमत पर बेचने की योजना थी. आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.

मोबाइल नंबरों से खंगाला जाएगा नेटवर्क

उत्पाद विभाग का कहना है कि जब्त मोबाइल में मौजूद संपर्कों और कॉल डिटेल के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरजिला शराब तस्करी गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.

श्रावणी मेला को लेकर बढ़ाई गई चौकसी

Liquor Seizure: उत्पाद अधीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए सभी चेकपोस्ट, सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचना और लगातार वाहन जांच के कारण शराब तस्करों के मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >