एटीएम में कार्ड फंसा, मदद के बहाने ठगों ने खाते से उड़ाए ₹23,500

बलुआतरी गांव निवासी मोहम्मद जीशान आलम 2 जून को दुमका रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे. लेन-देन के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन के अंदर फंस गया.

लेन-देन के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन के अंदर फंस गया. कार्ड नहीं निकलने पर उन्होंने एटीएम परिसर में लिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया

बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

प्रतिनिधि बौंसी: बौंसी थाना क्षेत्र के बलुआतरी गांव निवासी एक युवक साइबर अपराधियों के जाल में फंसकर हजारों रुपये गंवा बैठा. एटीएम से नकदी निकालने के दौरान शुरू हुई परेशानी का फायदा उठाकर ठगों ने युवक के बैंक खाते से ₹23,500 की निकासी कर ली. पीड़ित ने मामले की शिकायत बौंसी थाना में कराते हुए कार्रवाई और जांच की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, बलुआतरी गांव निवासी मोहम्मद जीशान आलम 2 जून को दुमका रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे. लेन-देन के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन के अंदर फंस गया. कार्ड नहीं निकलने पर उन्होंने एटीएम परिसर में लिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिसे बैंक सहायता नंबर समझकर कॉल किया गया.

फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को बैंक कर्मी बताते हुए युवक को विभिन्न निर्देश दिए और भरोसे में लेकर बातचीत करता रहा. हालांकि इसके बावजूद कार्ड मशीन से बाहर नहीं निकला. कुछ देर बाद उसी व्यक्ति ने दोबारा फोन कर युवक को बैंक के पास आने के लिए कहा.जब पीड़ित वहां पहुंचा तो संबंधित नंबर बंद मिला. इसी बीच एटीएम मशीन के पास कुछ लोग पहुंचे और खुद को तकनीकी खराबी दूर करने वाला कर्मी बताया. उन्होंने युवक को आश्वस्त करते हुए कहा कि मशीन में तकनीकी समस्या है और एटीएम कार्ड बाद में बैंक से प्राप्त कर लिया जाएगा. उनकी बातों पर विश्वास कर युवक घर लौट गया.

अगले दिन जब मोहम्मद जीशान आलम यूको बैंक में पैसे निकालने पहुंचे तो उन्हें खाते से ₹23,500 की अवैध निकासी की जानकारी मिली. खाते की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनके खाते से राशि उड़ा ली है. घटना के बाद पीड़ित ने बौंसी थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर इसे सुनियोजित साइबर ठगी का मामला माना जा रहा है, जिसमें एटीएम में कार्ड फंसने की स्थिति का फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया. बताया जाता है कि काट डालने वाली जगह में भारी मात्रा में गोंद दे दिया गया था.

अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी प्रकार की समस्या आने पर केवल बैंक के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर या शाखा से संपर्क करें तथा एटीएम परिसर में लिखे संदिग्ध नंबरों पर कॉल करने से बचें. साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें. एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक मुकेश कुमार का कहना है कि एटीएम कक्ष में लिखे किसी भी अनाधिकृत मोबाइल नंबर पर भरोसा न करें. कार्ड फंसने या किसी अन्य समस्या की स्थिति में सीधे बैंक शाखा या बैंक के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर से ही संपर्क करें.साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ अपना एटीएम पिन, ओटीपी अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें. थोड़ी सी लापरवाही साइबर अपराधियों को ठगी का मौका दे सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VINOD RAO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >