बेलहर बांका से अभय कुमार ‘सोनू’ की रिपोर्ट
Electricity Theft Case: थाना क्षेत्र के साहेबगंज एवं श्रीनगर पंचायत के विभिन्न गांवों में बिजली विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान चार लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ागया. कार्रवाई के बाद सभी के विरुद्ध आर्थिक जुर्माना लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
Electricity Theft Case: विद्युत विभाग ने चलाया जांच अभियान
विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने साहेबगंज और श्रीनगर पंचायत के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर विद्युत उपभोग की जांच की. इस दौरान कई घरों में बिजली कनेक्शन और मीटर की स्थिति का निरीक्षण किया गया.
मीटर बाइपास कर की जा रही थी बिजली चोरी
जांच के दौरान पाया गया कि चार उपभोक्ता अपने घरेलू परिसर में वैध बिजली कनेक्शन होने के बावजूद मीटर को बाईपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे. विभागीय अधिकारियों ने इसे विद्युत अधिनियम का गंभीर उल्लंघन माना है.
चार लोगों पर लगाया गया आर्थिक जुर्माना
विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय अभियंता विकास रंजन द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार साहेबगंज बाजार निवासी गौतम कुमार यादव पर 45,843 रुपये, विनय कुमार भगत पर 39,410 रुपये, लुल्हा गांव निवासी कुमोद कुमार यादव पर 39,410 रुपये तथा श्रीनगर पंचायत के सरसड्डा गांव निवासी सुभाष दास पर 14,173 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है.
भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
बिजली चोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि बिजली चोरी से न केवल विभाग को राजस्व नुकसान होता है, बल्कि इससे आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है. इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़े : पंजवारा में बालू माफियाओं ने निगला चीर नदी का तटबंध, कचमचिया पातर टोला पर विस्थापन का संकट गहराया
