Belhar Snake Bite : बेलहर थाना क्षेत्र के दुधनिया गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकल रही 65 वर्षीय उर्मिला देवी को दरवाजे के पास दीवार की ईंटों के बीच छिपे गेहूमन सांप ने डस लिया. परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
दरवाजे के पास छिपे सांप ने किया हमला
जानकारी के अनुसार दुधनिया गांव निवासी स्वर्गीय बालचंद पंडित की पत्नी उर्मिला देवी सुबह घर से बाहर निकल रही थीं. जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, दीवार की ईंटों के बीच छिपे गेहूमन सांप ने उनके हाथ में काट लिया. सर्पदंश के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
परिजनों ने बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एक महीने पहले ही पति का हुआ था निधन
इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. परिजनों ने बताया कि करीब एक माह पहले ही उर्मिला देवी के पति स्वर्गीय बालचंद पंडित का हृदय गति रुकने के कारण इलाज के दौरान देवघर एम्स में निधन हो गया था. पति की मौत के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब उर्मिला देवी की मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के तीनों पुत्र अरविंद पंडित, गिरीश पंडित और अजय पंडित सहित पोते अभिनंदन पंडित, अभिषेक पंडित, रोशन पंडित तथा पोती ममता कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.
ये भी पढ़ें : जमुई में अंधविश्वास ने ली 12 वर्षीय सुनीता की जान, सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक में गंवाया इलाज का सुनहरा समय
