श्रावणी मेला में डेडिकेटेड फीडर से होगी कांवरिया पथ में बिजली आपूर्ति, युद्ध-स्तर पर चल रही तैयारी
कांवरिया पथ में निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति करने को सरकार व विद्युत विभाग ने पूरी योजना बना ली है. डेडिकेटेड फीडर से कांवरिया पथ के सभी ट्रांसफार्मर को कवर कंडक्टर से कनेक्ट का विद्युत आपूर्ति की जाएगी.
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में निर्बाध रूप से सुदृढ व्यवस्था के तहत विद्युत आपूर्ति करने को लेकर बिहार सरकार व विद्युत विभाग ने स्पेशल रणनीति बनाई है. जिसे युद्ध-स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है. श्रावणी मेला क्षेत्र में इस वर्ष डेडिकेटेड फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाएगी. बांका के एडीएम अजीत कुमार सिंह ने कांवरिया पथ का निरीक्षण करने के दौरान इस आशय की विस्तृत जानकारी दी.
चार पावर सब-स्टेशन निर्धारित क्षेत्र करेंगे कवर
बांका जिला अंतर्गत धौरी से दुम्मा तक लगभग 55 किलोमीटर कच्ची कांवरिया पथ को चार पावर सब-स्टेशन अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों को कवर करते हुए निर्बाध रूप से बिजली उपलब्ध कराएंगे. बेलहर पावर सब-स्टेशन से धौरी से कौआदह तक, सुईया पावर सब-स्टेशन से टंगेश्वर से सुईया होते हुए गडुआ तक, कटोरिया पावर सब-स्टेशन से लोहटनियां से कटोरिया होते हुए इनारावरण तक और चांदन पावर सब-स्टेशन से हथगढ से लेकर दुम्मा बॉर्डर तक बिजली की सप्लाई की जाएगी.
कवर कंडक्टर से कनेक्ट होंगे मेला क्षेत्र के ट्रांसफार्मर
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि सभी फीडरों से कांवरिया पथ के ट्रांसफार्मरों को कवर कंडक्टर से सुरक्षित ढंग से कनेक्ट किया जाएगा. श्रावणी मेला में सुदृढ विद्युत व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा का भी पूरा ख्याल जाएगा.
कटोरिया में दोगुना क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर
कटोरिया पावर सब-स्टेशन के पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता सीधे दोगुनी की जा रही है. ताकि श्रावणी मेला के अलावा अन्य दिनों में भी इलाके में बेहतर ढंग से बिजली की आपूर्ति हो सके. यहां के 5 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर को बदलकर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है. इससे कम वोल्टेज की समस्या भी दूर हो जाएगी.
कार्यपालक अभियंता ने की समीक्षा
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता कुमार सौरभ ने कटोरिया स्थित पावर सब-स्टेशन पहुंचकर श्रावणी मेला को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही कई दिशा-निर्देश भी दिए. इस मौके पर सहायक अभियंता दिलीप कुमार, कनीय अभियंता युवराज कुमार आदि मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.