सोमवती अमावस्या पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को पंजवारा क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा.

पंजवारा. सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को पंजवारा क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भगवान शिव के दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिरों में पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. क्षेत्र के संकटमोचन मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर, काली मंदिर सहित विभिन्न गांवों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की. मंदिर परिसरों में दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा. सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की. महिलाओं ने पति की दीर्घायु, परिवार की खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की. कई महिलाओं ने परंपरा के अनुसार पीपल वृक्ष की पूजा कर उसकी परिक्रमा भी की. धार्मिक मान्यता है कि सोमवती अमावस्या पर पीपल पूजन और शिव आराधना से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है. मंदिर परिसरों में दिनभर “हर-हर महादेव ” और “बोल बम ” के जयघोष गूंजते रहे. भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा. श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. मंदिर के पुजारियों ने बताया कि सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या को सोमवती अमावस्या कहा जाता है, जिसका हिंदू धर्म में विशेष महत्व है. इस दिन भगवान शिव की पूजा और व्रत करने से मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है. श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समितियों और स्वयंसेवकों की ओर से विशेष व्यवस्था की गयी थी. शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >