शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद की रिपोर्ट:
बांका: शंभुगंज प्रखंड के पड़रिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 04 के ऊंचा कुन्नथ गांव में जर्जर बिजली तार और पोल बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग 125 घरों के लिए मात्र एक ही विद्युत ट्रांसफार्मर है, जिसके कारण बिजली आपूर्ति हमेशा बाधित रहती है और उपभोक्ताओं को लगातार लो वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब दस से पंद्रह वर्षों से गांव में जर्जर तार को नहीं बदला गया है. विभागीय अधिकारियों, यहां तक कि जेई को भी कई बार सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई. हल्की हवा या बारिश होते ही बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है.
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के बीच में लगा एक बिजली पोल कई महीनों से टूटा पड़ा है और प्लास्टिकनुमा तार को आम के पेड़ से लटकाकर किसी तरह बिजली आपूर्ति की जा रही है. इसके बावजूद लगातार लो वोल्टेज और आपूर्ति बाधित रहने से लोग परेशान हैं.
दो दिन पूर्व आई आंधी-बारिश के दौरान गांव के दो स्थानों पर बिजली के तार गिर गए थे, जिन्हें अभी तक ठीक नहीं किया गया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है.
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के साथ विभागीय कार्यालय का घेराव करेंगे.
वहीं इस संबंध में कनीय अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि बिजली तार, पोल सहित अन्य उपकरणों का बदलाव अलग एजेंसी के माध्यम से किया जाता है और समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जा रहा है.
