होल्डिंग टैक्स की अंतिम तारीख पर उमड़ी भीड़, देर रात तक चला वसूली अभियान

नगर पंचायत क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि पर मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला.

बौंसी. नगर पंचायत क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि पर मंगलवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला. टैक्स जमा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. भीड़ इतनी बढ़ गयी कि स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गयी और लोगों के बीच नोकझोंक भी होने लगी. कार्यालय में मात्र दो काउंटर होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. लंबी कतारों में खड़े लोग धीरे-धीरे आक्रोशित हो गए और जल्द से जल्द टैक्स जमा करने की मांग करने लगे. अव्यवस्था बढ़ती देख प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. पुलिस के पहुंचने के बाद लोगों को लाइन में लगाया गया और प्रक्रिया को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए. इसके बाद क्रमबद्ध तरीके से टैक्स जमा कराने का काम जारी रहा. जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत द्वारा बीते कई महीनों से विभिन्न वार्डों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था. नुक्कड़ नाटक और माइकिंग के माध्यम से लोगों को समय पर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित किया गया, लेकिन लोगों ने अंतिम दिन का इंतजार किया, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई. इधर, भीड़ को कम करने के लिए वार्ड स्तर पर भी विशेष शिविर लगाए गए. वार्ड संख्या 19 में पार्षद नवनीत कुमार के कार्यालय में देर रात तक टैक्स वसूली जारी रही. यहां करीब 150 लोगों ने रात दो बजे तक अपनी बारी का इंतजार कर टैक्स जमा किया. बताया जाता है कि इस एक दिन में लगभग तीन लाख रुपये का संग्रह किया गया. इस घटना ने नगर पंचायत की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि यदि पहले से पर्याप्त काउंटर और कर्मियों की व्यवस्था होती, तो अंतिम दिन इस तरह की अव्यवस्था और हंगामा नहीं होता.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >