Rain Alert in Banka : बांका जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 5 अगस्त तक जिले में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है. आसमान में बादल छाए रहेंगे, हालांकि बीच-बीच में धूप और छांव का सिलसिला भी जारी रहेगा.
तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट, सतर्क रहने की जरूरत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों पर रुकने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने को भी कहा गया है.
उमस बरकरार, तापमान रहेगा सामान्य
बारिश की संभावना के बावजूद लोगों को फिलहाल उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है. पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है. अधिक नमी के कारण वातावरण में चिपचिपाहट बनी रह सकती है.
धानरोपनी में जुटे किसान, खेतों में बढ़ी हलचल
मानसून की सक्रियता का सबसे बड़ा असर खेती पर दिखाई देने लगा है. जिले में धानरोपनी का कार्य तेजी से चल रहा है और किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों में उतर आए हैं. पर्याप्त नमी मिलने से रोपाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं. कृषि विशेषज्ञों ने खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की सलाह दी है.
दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में भी असर
मौसम विभाग के अनुसार बांका के अलावा गया, नवादा, जमुई, औरंगाबाद सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. दक्षिण-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
