बांका शहर की मुख्य सड़कों पर अब लगेंगी 110 वाट की हाई पावर स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था पर भी जोर

बांका नगर परिषद की बैठक में शहर की रोशनी, जल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था को लेकर अहम फैसले लिए गए. आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाने पर भी सहमति बनी.

बांका नगर परिषद के सामान्य बोर्ड की बैठक में शहर की रोशनी, नल-जल आपूर्ति, साफ-सफाई और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में पार्षदों ने मुख्य मार्गों पर लगी कम क्षमता वाली स्ट्रीट लाइट को बदलकर हाई पावर लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा. इसके साथ ही अधिकांश वार्डों में बाधित नल-जल आपूर्ति को जल्द बहाल करने और खराब तिरंगा लाइट की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया.

मुख्य सड़कों पर 45 की जगह 110 वाट की लाइट का प्रस्ताव

पार्षदों ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर वर्तमान में लगी 45 वाट की स्ट्रीट लाइट से पर्याप्त रोशनी नहीं हो पा रही है. इससे रात के समय मुख्य सड़कों पर अंधेरा बना रहता है. पार्षदों के अनुसार वार्ड की गलियों के लिए 45 वाट की लाइट पर्याप्त है, लेकिन मुख्य मार्गों के लिए अधिक क्षमता वाली लाइट की जरूरत है. इसे देखते हुए 45 वाट की जगह 110 वाट की हाई पावर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव बैठक में रखा गया.

पाइप क्षतिग्रस्त होने से कई वार्डों में नल-जल आपूर्ति बाधित

बैठक में अधिकांश वार्डों में नल-जल आपूर्ति बाधित रहने का मामला भी प्रमुखता से उठा. बताया गया कि कई स्थानों पर पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति ठप है. इस पर बोर्ड ने संबंधित व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत कराने और जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया.

खराब तिरंगा लाइट के मेंटेनेंस पर भी हुई चर्चा

शहर के बिजली पोल पर लगायी गयी तिरंगा लाइट के खराब रहने का मुद्दा भी पार्षदों ने उठाया. पार्षदों ने बताया कि लगभग सभी तिरंगा लाइट खराब पड़ी हैं. इनके नियमित मेंटेनेंस की जरूरत पर बोर्ड ने गंभीरता से चर्चा की और व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया.

दुर्गा पूजा से छठ तक चलेगा विशेष सफाई अभियान

आगामी दुर्गा पूजा, काली पूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने पर भी सहमति बनी. पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों, मुख्य मार्गों और अन्य प्रमुख स्थानों पर सफाई व्यवस्था बेहतर रखने पर जोर दिया गया.

चालक की बहाली के बाद टोटो खरीदने की बात

कचरा उठाव के लिए नए टोटो की खरीदारी का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया. हालांकि पार्षदों ने कहा कि पहले कचरा उठाव के लिए चालकों की बहाली की जाए. इसके बाद ही नए टोटो की खरीदारी की जाये. पार्षदों का कहना था कि वाहन खरीदने के साथ उसके संचालन के लिए पर्याप्त मानव संसाधन भी जरूरी है.

बैठक में उप सभापति डॉ. विनीता प्रसाद, कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रा नंदन, नगर प्रबंधक पुरुषोत्तम कुमार, नगर योजना पर्यवेक्षक अमृतेश कुमार, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी पंकज कुमार, शैलेश कुमार, राजकुमार, पवन कुमार, अमित कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Navneet Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >