जेनरेटर की चपेट में आया मासूम, हालत गंभीर

जेनरेटर की चपेट में आने से एक चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया.

मातम में बदली शादी की खुशियां

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के बरौथा गांव में एक शादी समारोह उस समय अफरा तफरी और चिंता का माहौल बन गया, जब जेनरेटर की चपेट में आने से एक चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल बच्चे की पहचान झाझा निवासी सिट्टू के पुत्र गोपाल कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गोपाल अपने माता-पिता के साथ बरौथा गांव में रिश्तेदार सुदीन यादव के पुत्र की शादी में शामिल होने आया था. शादी समारोह में सभी लोग नाच-गाने और उत्सव में व्यस्त थे. इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम गोपाल पास में चल रहे जेनरेटर के करीब पहुंच गया. बताया जाता है कि जेनरेटर के फैन बेल्ट में अचानक बच्चे के सिर के बाल फंस गये. जब तक आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ती और जेनरेटर को बंद किया जाता, तब तक बच्चा बुरी तरह घायल हो चुका था. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी और खुशी का माहौल पल भर में गम में बदल गया. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया. इस घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shubhash baidya

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >