बौंसी में 129.6 लीटर विदेशी शराब के साथ कार चालक गिरफ्तार, 20 मिनट पीछा कर पुलिस ने दबोचा

Banka News : बौंसी में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. तेज रफ्तार कार से शराब लेकर भाग रहे तस्कर को पुलिस ने करीब 20 मिनट तक पीछा करने के बाद धर दबोचा. कार की डिक्की से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई है.

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट

बौंसी थाना पुलिस ने 129.6 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक कार चालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नेशनल हाइवे पर पीछा कर आरोपी को पकड़ा. गिरफ्तार युवक की पहचान अनुज कुमार उर्फ हिटलर के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब, कार और आरोपी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

गुप्त सूचना पर शुरू हुआ वाहन जांच अभियान

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7:30 बजे बौंसी थाना में पदस्थापित अनीश बिहारी को सूचना मिली कि झारखंड के हंसडीहा की ओर से एक कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिहार लाई जा रही है.सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस टीम गठित कर नेशनल हाइवे स्थित सुखनिया पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया.

पुलिस को देखकर भागने लगा चालक

जांच के दौरान संदिग्ध कार संख्या BR01BD-2688 तेज रफ्तार में आती दिखाई दी. पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक कार को और तेज गति से भगाने लगा.इसके बाद पुलिस और सशस्त्र बलों ने पीछा शुरू किया. करीब 20 मिनट तक पीछा करने के बाद पुलिस ने गुड़िया मोड़ के पास कार को पकड़ लिया.

कार की डिक्की से मिली 15 कार्टन शराब

तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 15 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई. प्रत्येक कार्टन में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं.बरामद शराब Royal Mansion Gold Whisky बताई गई है. कुल मिलाकर 129.600 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई.

झारखंड से बिहार लाई जा रही थी शराब

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब झारखंड के गोड्डा इलाके से बिहार में बेचने के लिए लाई जा रही थी.पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

पंकज कुमार झा ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब का परिवहन, भंडारण व बिक्री संज्ञेय अपराध है.मामले में उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >