बांका. सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बावजूद जिलेभर के विभिन्न दुकानों में धड़ल्ले से ऐसे पॉलीथिन उपयोग किया जा रहा है. इसे लेकर गुरुवार को बांका नगर प्रबंधक पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगर योजना पर्यवेक्षक अमृतेश कुमार, सहायक वास्तुविद् रितु शर्मा, नगर मिशन प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने विशेष अभियान चलाया. इस दौरान विभिन्न दुकानों में छापेमारी कर करीब 7500 रुपये जुर्माना वसूला. नगर प्रबंधक ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया गया है. इसमें शहर से लेकर ढाकामोड़ चौक तक करीब दो दर्जन दुकानों में छापेमारी कर जुर्माना वसूला गया है. उन्होंने कहा कि दुकानदारों या अन्य लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है. इसके बावजूद पॉलीथिन का उपयोग किया जा रहा है. सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन कैरी बैग पर प्रतिबंध लगा है. इसके बाद भी बड़े-बड़े दुकानदारों से लेकर फुटपाथ की दुकानदारों द्वारा इसका इस्तेमाल किया जाता है. इसे देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है. वहीं सभी दुकानदार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि अगर दुबारा पकड़ा गया, तो विभाग के द्वारा कड़ी कार्रवाई की जायेगी. मौके पर नगर परिषद के कर्मी राजकुमार आदि उपस्थित थे.
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चला अभियान, वसूला जुर्माना
विभिन्न दुकानों में छापेमारी कर करीब 7500 रुपये वसूला जुर्माना
