BANKA सड़क दुर्घटना में साला-बहनोई की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली, एक जख्मी
भागलपुर हंसडीहा मार्ग पर रजौन थाना क्षेत्र के राजावर चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
रजौन(बांका) से पीयूष कुमार की रिपोर्ट BANKA NEWS :
भागलपुर हंसडीहा मार्ग पर रजौन थाना क्षेत्र के राजावर चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक आपस में रिश्ते में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं.
शादी समारोह में भाग लेने पहुंचे थे मिथिलेश व विकास
जानकारी के अनुसार, मड़नी गांव निवासी 35 वर्षीय मिथिलेश शर्मा और अमरपुर थाना क्षेत्र के बेरमा ग्राम निवासी 45 वर्षीय विकास तांती चिलकावर गांव अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में भाग लेने पहुंचे थे. शादी के पश्चात गुरुवार को दोनों अपने साथी 25 वर्षीय ज्योतिष तांती के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान राजावर मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिथिलेश शर्मा और विकास तांती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्योतिष तांती गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया.
तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, दो मृत घोषित
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची रजौन थाना पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. वहीं इस घटना को लेकर शादी के उत्सवी घर में मातम पसर गया.