सहायक निदेशक को बंधक बनाने के मामले में प्रोपराइटर के दो पुत्रों पर प्राथमिकी

सहायक निदेशक को बंधक बनाने के मामले में प्रोपराइटर के दो पुत्रों पर प्राथमिकी

शंभुगंज बाजार में प्रशांत कृषि केंद्र के दो पुत्रों के खिलाफ मामला, पुलिस ने शुरू की जांच

शंभुगंज. शंभुगंज बाजार स्थित प्रशांत कृषि केंद्र पर मंगलवार को बांका के उर्वरक निरीक्षक सह सहायक निदेशक (रसायन) कृष्ण कांत को बंधक बनाकर बदसलुकी करने के मामले में सहायक निदेशक ने प्रशांत कृषि केंद्र के प्रोपराइटर के दो पुत्रों के खिलाफ शंभुगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. सहायक निदेशक ने अपने आवेदन में लिखा कि भागलपुर के थोक विक्रेता मोहन ठाकुर का नाम बार-बार लेकर उन्हें धमकी दी जा रही थी. उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया कि मोहन ठाकुर पहले भी उन्हें कई बार धमकी दे चुका है. मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल व चर्चाओं का माहौल बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, बांका के सहायक निदेशक मंगलवार को ही उर्वरक की मनमानी दाम में बिक्री की शिकायत पर उर्वरकों की गुणवत्ता व भंडारण की जांच के लिए शंभुगंज बाजार के प्रशांत कृषि केंद्र पहुंचे थे. उस समय दुकान के प्रोपराइटर शिव शंकर प्रसाद सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे. निरीक्षण के दौरान गोदाम में उर्वरकों की गिनती की जा रही थी. इसी बीच कृषि केंद्र में बैठे एक युवक ने प्रथम तल पर ताला बंद करने की बात कही व शटर गिराकर अधिकारी को बंधक बना लिया. घटना की सूचना मिलते ही शंभुगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी मो सज्जाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व बंधक बनाए गए सहायक निदेशक को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने व घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. शंभुगंज थाना के पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि प्रशांत कृषि केंद्र पर जांच को पहुंचे सहायक निदेशक कृष्ण कांत को बंधक बनाने के मामले में लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. जांच-पड़ताल जारी है और पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >