बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Bihar Transfer News : बिहार सरकार ने गुरुवार की शाम बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत बांका जिले के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया. सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2016 बैच के अधिकारी अंशुल अग्रवाल को बांका का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. वहीं भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2016 बैच के अधिकारी अमितेश कुमार को जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. दोनों अधिकारियों के जल्द ही पदभार ग्रहण करने की संभावना है.
बांका डीएम का आइआइटी से आइएएस तक का सफर
अंशुल अग्रवाल वर्तमान में निबंधन महानिरीक्षक सह उत्पाद आयुक्त, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, पटना में कार्यरत थे. इससे पहले वे वर्ष 2023 में बक्सर के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. राजस्थान के कोटा शहर के निवासी अंशुल अग्रवाल ने आईआईटी मुंबई से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की है. बीटेक के बाद उन्होंने एक निजी कंपनी में नौकरी की, लेकिन प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य के साथ यूपीएससी की तैयारी की और सफलता प्राप्त कर आईएएस अधिकारी बने.
भागलपुर की कमान संभालेंगी पत्नी अलंकृता पांडेय
अंशुल अग्रवाल की पत्नी अलंकृता पांडेय भी 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. बिहार सरकार ने उन्हें भागलपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है. भागलपुर में पदस्थापन से पहले वे जहानाबाद की जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं. प्रशासनिक सेवा में यह दंपती बिहार के चर्चित आईएएस अधिकारियों में गिना जाता है.
अमितेश कुमार बने संभालेंगे बांका एसपी की कमान
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार आइपीएस अधिकारी अमितेश कुमार को बांका का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वे इससे पहले विशेष शाखा, बिहार पटना में पुलिस उपाधीक्षक (सुरक्षा) के पद पर कार्यरत थे. उनके पदस्थापन के बाद पुलिस विभाग ने आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी हैं.
निर्वतमान एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा का हुआ तबादला
बांका के वर्तमान पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा का तबादला औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक पद पर किया गया है. उनके कार्यकाल में बांका पुलिस ने कई चर्चित मामलों का सफल उद्भेदनकिया. पुलिस ने दर्जनों वांछित टॉप-10 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि कई फरार नक्सलियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. कुछ नक्सलियों ने पुलिस दबाव के कारण आत्मसमर्पण भी किया था.
प्रशासन और पुलिस व्यवस्था में नयी उम्मीदें
जिले में नए डीएम और एसपी की नियुक्ति के बाद प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं. विकास कार्यों की गति, कानून-व्यवस्था की स्थिति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर दोनों अधिकारियों की कार्यशैली पर लोगों की नजर रहेगी.
Also Read : भागलपुर-दुमका NH पर गैस कंटेनर और हाइवा की टक्कर, सिलेंडर लूटने पहुंच गये लोग
