बिहार में शादी से पहले गायब हुआ दूल्हा, मंडप पूजन के बाद लापता, खुशियां मातम में बदलीं

Bihar News: बांका के शंभुगंज में शादी से ठीक पहले दूल्हा अचानक गायब हो गया. जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है और परिवार सदमे में है.

Bihar News: बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के खपड़ा गांव से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां रहने वाले राजेश कुमार मंगलवार शाम मंडप पूजन के बाद अचानक लापता हो गए. उनकी शादी शाहकुंड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव की जानकी कुमारी से तय थी. शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और घर में खुशियों का माहौल था.

शादी की खुशियां पलभर में गम में बदलीं

मंगलवार को पूरे विधि-विधान के साथ मंडप पूजन हुआ और गांव में भोज का आयोजन भी किया गया. लेकिन शाम होते-होते राजेश अचानक कहीं चले गए और वापस नहीं लौटे. रात में परिजनों को लगा कि वह दोस्तों के साथ होंगे या कहीं सो गए होंगे, लेकिन जब सुबह तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई. खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिससे खुशी का माहौल गम में बदल गया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

राजेश के अचानक लापता होने से परिवार में कोहराम मच गया है. उनकी मां बेला देवी और पिता शंभू तांती का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और दुख का माहौल है.

चाय की दुकान चलाकर करता था गुजारा

राजेश कुमार पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर हैं. वह रूदपैय इंडियन गैस एजेंसी के पास चाय-पान की दुकान चलाते थे और उसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे.

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत

राजेश के पिता शंभू तांती ने अनहोनी की आशंका जताते हुए शंभुगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस से बेटे की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है.

जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है. इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.

Also Read: कोइलवर-बक्सर गंगा पथ को मिली हरी झंडी, सम्राट कैबिनेट की बैठक में सारण में नए नारायणी पथ को भी मंजूरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >