Sakhi Varta, Beti Bachao Beti Padhao : डीएम अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम, बांका अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (डब्ल्यूएचईडब्ल्यू) की ओर से कटोरिया प्रखंड के महादलित टोला जमदाहा सामुदायिक भवन में विशेष ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महादलित समुदाय की महिलाओं, किशोरियों और किशोरों को सामाजिक एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं.
बाल विवाह, दहेज और घरेलू हिंसा पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं के अधिकारों से संबंधित विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया. साथ ही जनसंख्या स्थिरता और छात्राओं एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा की रोकथाम को लेकर भी चर्चा की गई.
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ और लैंगिक विशेषज्ञ ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना तथा मिशन शक्ति जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी. उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया.
हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क करने तथा बच्चों से जुड़े मामलों में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई.
इस जागरूकता कार्यक्रम में विकास मित्र उषा कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.
