Dhoraiya News : धोरैया प्रखंड कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की प्रगति को लेकर बीडीओ अरविंद कुमार ने आवास सहायकों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में विभिन्न पंचायतों में चल रहे आवास निर्माण कार्यों और लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई.
‘जीरो ऑफिस डे’ के रूप में करेंगे काम
बीडीओ ने निर्देश दिया कि 16 एवं 17 जुलाई को ‘जीरो ऑफिस डे’ के रूप में कार्य करते हुए सभी आवास सहायक क्षेत्र में जाकर लाभुकों से संपर्क करें और आवास निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए फील्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाए.
आवास नहीं बनाने वाले लाभुकों की बनेगी सूची
बैठक में बताया गया कि प्रथम किश्त मिलने के बावजूद करीब 77 लाभुकों ने किसी कारणवश अब तक आवास निर्माण शुरू नहीं किया है. बीडीओ ने ऐसे सभी लाभुकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके.
तीसरी किश्त के भुगतान में 15 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य
वर्तमान में तीसरी किश्त का भुगतान लगभग 77 प्रतिशत है. बीडीओ ने अगले दो सप्ताह के भीतर इसमें 15 प्रतिशत तक वृद्धि सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया. उन्होंने सभी आवास सहायकों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
तकनीकी कारणों से लंबित भुगतान जल्द होगा पूरा
बैठक में यह भी बताया गया कि 51 लाभुक ऐसे हैं, जिनकी प्रथम किश्त का भुगतान विभिन्न तकनीकी कारणों से अब तक नहीं हो सका है. बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को इन सभी मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कर लाभुकों को भुगतान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
