Ration Card Update: बाराहाट प्रखंड में पात्र लाभुकों के लिए नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के निर्देश पर सभी पंचायतों के पंचायत सचिव एवं विकास मित्रों को पात्र परिवारों से आवेदन पत्र संग्रह करने की जिम्मेदारी दी गई है. यह प्रक्रिया राज्य एवं केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप शुरू की गई है.
अपात्र लोगों के नाम हटने के बाद शुरू हुई प्रक्रिया
कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार हाल के दिनों में ऐसे लोगों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए हैं, जो निर्धारित पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरते थे. अब वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं.
सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण ऑफलाइन आवेदन
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि राशन कार्ड बनाने की ऑनलाइन प्रक्रिया फिलहाल सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण अस्थायी रूप से बंद है. इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पंचायत सचिव एवं विकास मित्र पात्र लाभुकों से ऑफलाइन आवेदन प्राप्त करेंगे.
23 जुलाई से 5 अगस्त तक होगा आवेदन संग्रह
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई से 5 अगस्त तक आवेदन संग्रह का विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान पात्र लाभुक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन संबंधित पंचायत सचिव या विकास मित्र के पास जमा कर सकेंगे.
349 लाभुकों को अगस्त तक कार्ड देने का लक्ष्य
Ration Card Update: प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बाराहाट प्रखंड में अब तक 349 पात्र लाभुकों की पहचान की गई है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगस्त माह तक सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने लोगों से समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है, ताकि किसी पात्र परिवार को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े.
और पढ़ें:रक्सौल-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल का बांका और बाराहाट में ठहराव, श्रद्धालुओं को बड़ी राहत
