Banka News: बांका के शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के चौहान कंप्यूटर एजुकेशन के तीन छात्रों ने DCA (डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन) की ऑनलाइन परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. अंकित, आयुष और कौशल ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की, जिसके बाद संस्थान में खुशी का माहौल है.
संस्थान प्रबंधन ने तीनों मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. स्थानीय लोगों ने भी छात्रों की सफलता को शंभुगंज क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया.
खेसर परीक्षा केंद्र पर हुई थी ऑनलाइन परीक्षा
जानकारी के अनुसार तीनों छात्रों ने विशाल कंप्यूटर एजुकेशन, खेसर स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित DCA ऑनलाइन परीक्षा में भाग लिया था. परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अंकित, आयुष और कौशल के 100 में 100 अंक प्राप्त करने की पुष्टि हुई.
संस्थान के अनुसार यह परिणाम छात्रों की मेहनत, अनुशासन और कंप्यूटर शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है.
संस्थान में किया गया सम्मान
शानदार प्रदर्शन के बाद चौहान कंप्यूटर एजुकेशन, शंभुगंज परिवार की ओर से तीनों छात्रों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों और अन्य विद्यार्थियों ने भी उन्हें बधाई दी.
संस्थान प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी.
Banka News:bआत्मनिर्भर बनाना है संस्थान का लक्ष्य
संस्थान के निदेशक सौरभ चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा आज के समय में रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए महत्वपूर्ण है.
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल कंप्यूटर का सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना भी है, ताकि वे भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें.
