पंजवारा (बांका). लखपुरा स्थित मध्य विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय तथा परियोजना कन्या उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए शुक्रवार को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करना है.
कबाड़ से उपयोगी कलाकृतियां बनाना सीखेंगे विद्यार्थी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कूड़े-कचरे, कबाड़ और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक एवं उपयोगी आर्ट एंड क्राफ्ट तैयार करने का लाइव डेमो दिखाया जाएगा. विशेषज्ञ बताएंगे कि बेकार वस्तुओं का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में किस प्रकार योगदान दिया जा सकता है.
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश
विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और संसाधनों के बेहतर उपयोग के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी जायेगी.
विशेषज्ञ करेंगे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम का संचालन आर्ट एंड क्राफ्ट कलाकार मुरली मनोहर भगत करेंगे. वहीं ग्लोबल आर्ट्स सेंटर के डायरेक्टर, स्वतंत्र विचारक एवं लेखक जेबियर झा भी उपस्थित रहेंगे. वे विद्यार्थियों को रचनात्मक शिक्षा, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करेंगे.
सक्रिय भागीदारी की अपील
आयोजकों ने सभी छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है. उनका कहना है कि इस तरह के आयोजन बच्चों में रचनात्मकता विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
ALSO READ: धौरी से दुम्मा तक 55 किमी कच्चा कांवरिया पथ हो रहा तैयार, गंगा की महीन बालू बिछाने का काम तेज
