बांका. सदर थाना क्षेत्र के ककवारा पंचायत अंतर्गत मोहरिया गांव के समीप रविवार को पेड़ से लटका एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान गांव निवासी प्रकाश राय की 22 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि निशा शनिवार की शाम से घर से गायब थी. शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच करायी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.
खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखा शव
बताया गया कि शनिवार की शाम निशा कुमारी के घर से गायब होने के बाद परिजनों ने गांव के अलावा रिश्तेदारों के यहां भी उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. रविवार की सुबह कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी.
ग्रामीणों ने शव की पहचान निशा कुमारी के रूप में की और इसकी जानकारी परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये.
मुखिया प्रतिनिधि ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुनील यादव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच-पड़ताल की और उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित किया.
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
